बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा ने गुरुवार को कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
एसएसपी ने कछला गंगा घाट पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, घाट की सुरक्षा समेत अन्य व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी न रहे तथा व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कराया जाए।
उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और घाट पर पुलिस व्यवस्था पूरी तरह सतर्क रखने के निर्देश दिए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाने तथा श्रद्धालुओं की सहायता को प्राथमिकता देने को कहा।
एसएसपी ने यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी रखने को कहा गया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार समेत पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat