नगर पालिका में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, पूर्व मंत्री आबिद रज़ा और पालिकाध्यक्ष फ़ात्मा रज़ा ने किया ध्वजारोहण
बदायूं। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनपद की नगर पालिका परिषद बदायूं में देशभक्ति, उत्साह और उमंग का अनूठा माहौल देखने को मिला। नगर पालिका कार्यालय परिसर में पूर्व मंत्री आबिद रज़ा और पालिकाध्यक्ष फ़ात्मा रज़ा ने संयुक्त रूप से राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान की गूंज के बीच सभी ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का दृढ़ संकल्प लिया। इस गरिमामयी समारोह में नगर पालिका के सभासदों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारी संख्या में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने कहा कि यह आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है, जिनके संघर्ष को याद रखना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने देश की प्रगति के लिए आपसी सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने पर जोर दिया। पालिकाध्यक्ष फ़ात्मा रज़ा ने कहा कि यह दिन शहीदों और राष्ट्रनायकों को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि संविधान के संदेशों पर चलकर देशहित में निरंतर कार्य करना ही सच्ची देशभक्ति है।
पालिकाध्यक्ष फ़ात्मा रज़ा ने नगर पालिका कार्यालय के साथ-साथ अनाथालय और नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज में भी ध्वजारोहण किया, जहां बच्चों और शिक्षकों ने पर्व को धूमधाम से मनाया। वहीं, दूसरी ओर नौशेरा छुइया मंदिर में कांवड़ियों के लिए भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने स्वयं पहुंचकर कांवड़ियों को प्रसाद वितरित किया।
इससे पूर्व स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर पालिका परिसर में एक भव्य कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक संध्या में पूर्व मंत्री आबिद रज़ा मुख्य अतिथि और पालिका चेयरमैन फ़ात्मा रज़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। देश के नाम समर्पित इस आयोजन में नामचीन कवियों और शायरों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत अपनी बेहतरीन रचनाएं प्रस्तुत कर उपस्थित श्रोताओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान सभासद अनवर खां, भूरे पीर, मनोज चन्देल, अली अल्वी, अबरार अहमद, राजीव नारायण रायजादा, मुशाहिद, नवैद, मनोज कश्यप, उमा शंकर, प्रेमलता, भाग्यदेवी, ममता, भूदेवी चन्देल, अबरार सहित कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, अवर अभियंता सूर्य प्रताप सिंह, केशव गंगवार और लिपिक नवैद इकबाल गनी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन नवैद इकबाल गनी ने किया।
Budaun Amarprabhat