वजीरगंज। मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना वजीरगंज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक स्विफ्ट डिजायर कार से करीब 1 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद करते हुए दो अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बिसौली व प्रभारी निरीक्षक वजीरगंज के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। उपनिरीक्षक संदीप कुमार गुप्ता मय पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो तस्कर कार से अफीम लेकर करैंगी रोड होते हुए ग्राम अल्लुआ की तरफ बिक्री करने जा रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बगरैन–करैंगी मुख्य मार्ग से ग्राम अल्लुआ जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की। कुछ ही देर में मुखबिर द्वारा बताई गई सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (संख्या UP80 CB3478) आती दिखाई दी। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी से रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी बैक कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर कार सवार दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
तलाशी में गाड़ी से एक किलो अवैध अफीम बरामद हुई। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान संजीव पुत्र धनपाल (निवासी ग्राम फतेहनगला) तथा रोहित पुत्र रामपाल (निवासी मोहल्ला गोपालपुर, कस्बा व थाना वजीरगंज) के रूप में हुई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार व अफीम को जब्त करते हुए दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Budaun Amarprabhat