
बिल्सी। फ्यूचर लीडर्स स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की झांकियों, नृत्य और कृष्ण लीलाओं की प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। प्री-प्राइमरी के नन्हे बच्चों ने राधा-कृष्ण, यशोदा मैया और नंद बाबा की वेशभूषा में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
कक्षा तीन से आठ तक के विद्यार्थियों ने सोलो और ग्रुप डांस के माध्यम से कृष्ण की बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण भक्ति और भारतीय संस्कृति को प्रस्तुत किया। कारागार और बांके बिहारी की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। कृष्ण लीला और डांडिया की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण दही-हांडी रहा। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरा परिसर तालियों व जयकारों से गूंज उठा।
विद्यालय के डायरेक्टर वीपी सिंह, एमडी राहुल कुमार सिंह और प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने के साथ उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्टाफ का सहयोग रहा।
Budaun Amarprabhat