बदायूं। अखिल भारतीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षक दिवस के अवसर पर बेसिक शिक्षकों ने हाथों पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। शिक्षक संघ सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता समाप्त करने और इस संबंध में केंद्र सरकार से अध्यादेश लाने की मांग कर रहा है।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ, जनपद बदायूं के आह्वान पर जिले के परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया। जिलाध्यक्ष प्रेमानंद शर्मा की अपील पर बड़ी संख्या में शिक्षकों ने आंदोलन में भाग लिया। शिक्षकों ने विरोध से संबंधित तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किए।
संगठन के जिला महामंत्री फ़रहत हुसैन ने कहा कि सेवारत शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता का मुद्दा गंभीर है। संगठन पूर्व में भी दिल्ली में धरना-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के समक्ष अपनी मांग रख चुका है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के प्रथम चरण में शिक्षक दिवस पर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया गया है। यदि मांग पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो संगठन की ओर से आंदोलन को आगे बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।
इस दौरान शिक्षकों ने एकजुटता के साथ अपनी मांग के समर्थन में काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया।
Budaun Amarprabhat