नवाचार और समर्पण से शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने वाले बदायूं के 42 शिक्षक सम्मानित
बदायूं, 5 सितंबर। शिक्षक दिवस पर शनिवार को गोरखपुर में आयोजित राज्य शिक्षक पुरस्कार समारोह का सजीव प्रसारण बदायूं कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र को राजनीति से दूर रखना जरूरी है। विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण के केंद्र हैं और शिक्षकों को शिक्षा, संस्कार तथा विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने पर ध्यान देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के मार्गदर्शक होते हैं। शिक्षकों के आचरण का बच्चों पर सीधा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने शिक्षकों से बदलती तकनीक के अनुसार स्वयं को अपडेट करने और तकनीक का उपयोग कर शिक्षण को सरल व रोचक बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान बदायूं में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य और सीडीओ गामिनी सिंगला ने बेसिक शिक्षा के 32 और माध्यमिक शिक्षा के 10, कुल 42 शिक्षकों को माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सीडीओ ने शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके नवाचार और समर्पण की सराहना की।
इस दौरान बीएसए नवीन कुमार सहित अन्य अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे। वहीं उमंग एक पहचान कार्यक्रम के तहत 7 से 11 सितंबर तक विद्यालय, 14 से 16 सितंबर तक ब्लॉक और 18 सितंबर को जिला स्तर पर शैक्षिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
Budaun Amarprabhat