बदायूँ। रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में रविवार को पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों के उत्तम स्वास्थ्य एवं देखभाल के उद्देश्य से एक दिवसीय संयुक्त मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। यह शिविर ‘वामा सारथी पुलिस वेलफेयर उत्तर प्रदेश’ के तत्वावधान तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व वामा सारथी अध्यक्षा अंकिता शर्मा के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ।
शिविर में एलोपैथी और होम्योपैथी दोनों चिकित्सा पद्धतियों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। जिला होम्योपैथिक चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. अजीत सिंह गंगवार और वार्ड बॉय केशव राम, वहीं जिला अस्पताल के फिजिशियन विशेषज्ञ डॉ. शारिक हुसैन, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रियाज एवं पुलिस लाइन अस्पताल के फार्मासिस्ट संजीव कुमार ने मरीजों की जांच की। चिकित्सकों ने विशेष रूप से पुलिस परिवारों की महिलाओं व बच्चों में मौसमी तथा सामान्य बीमारियों की पहचान कर उनका निदान किया।
जांच के उपरांत लाभार्थियों को निशुल्क चिकित्सीय परामर्श देने के साथ-साथ दवाइयों का वितरण भी किया गया। शिविर में लाल पैथ लैब की ओर से रियायती दरों पर आवश्यक रक्त परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
इस स्वास्थ्य शिविर के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, प्रतिसार निरीक्षक आरआई इन्द्रजीत सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस वेलफेयर की इस स्वास्थ्य पहल की सराहना की।
Budaun Amarprabhat