बदायूं। राष्ट्रीय लोक दल के नेता मलूक नागर द्वारा समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पाल समाज में भारी रोष फैल गया है। समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मलूक नागर से सार्वजनिक माफी और दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल एक प्रतिष्ठित राजनेता होने के साथ-साथ एक बड़े समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। मलूक नागर द्वारा सार्वजनिक मंच से उनके खिलाफ अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे पूरे समाज की भावनाएं बुरी तरह आहत हुई हैं। प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि इस तरह की उकसावे वाली बयानबाजी से सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा बिगड़ने का खतरा उत्पन्न हो गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुखता से मांग की है कि मलूक नागर मीडिया और सार्वजनिक मंच के माध्यम से बिना शर्त लिखित व मौखिक माफी मांगें। माफी न मांगने की स्थिति में प्रशासन उनके खिलाफ सामाजिक विद्वेष फैलाने और मानहानि की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करे।
इस दौरान प्रदीप पाल, टीटू पाल, रक्षपाल पाल (पूर्व प्रधान), सुनीता पाल, मोदप्रकाश पाल, अर्जुन पाल, प्रशांत पाल, संजीव कुमार एडवोकेट, शिवम पाल, हरिओम पाल, प्रिंस पाल, विवेक मोहन पाल, प्रेम सिंह पाल, लक्ष्मण सिंह पाल, सतेंद्र पाल एडवोकेट सहित समस्त पाल समाज के लोग उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat