बदायूं। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पर ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ की जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। बैठक को पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी डॉ. दिनेश शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से संबोधित किया। जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस महीने भर के अभियान के तहत सेवा, जनसंवाद और जनभागीदारी पर आधारित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, अंत्योदय और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से ओतप्रोत रहे हैं। इस अभियान के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे इसे औपचारिक आयोजन न बनाकर जनसंवाद और जनभागीदारी का सशक्त माध्यम बनाएं।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने अभियान की कार्ययोजना विस्तार से साझा करते हुए बताया कि कार्यक्रमों को जिले के प्रत्येक बूथ, शक्ति केंद्र और गांव तक चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
अभियान के प्रमुख कार्यक्रमों का विवरण इस प्रकार है 17 सितंबर: ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत बूथ स्तर पर लाभार्थी परिवारों के घर दीप जलाए जाएंगे। 17 से 27 सितंबर: ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ के अंतर्गत विद्यालयों में चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर: ‘नमो सेवा गाथा’ में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनसंवाद स्थापित होगा। 25 सितंबर से 7 अक्टूबर: ‘आंगन का उत्सव’ में आंगनवाड़ी, सहायिका और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर: ‘कहानी बदलाव की’ (सोशल मीडिया रील), ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ (डिजिटल जागरूकता), ‘सेवा मेरा योगदान’ (रक्तदान, पौधारोपण, स्वच्छता) तथा ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु अभियान’ के जरिए पात्रों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। 7 अक्टूबर: गांवों से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। 17 अक्टूबर: ‘सेवा रंग’ के तहत मानव रंगोली और समापन अवसर पर ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ का भव्य आयोजन कर विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने भी कार्यकर्ताओं से हर घर तक पहुंचकर अभियान को ऐतिहासिक बनाने की अपील की। मंच का संचालन जिला महामंत्री शैलेंद्र मोहन शर्मा ने किया। इस दौरान पार्टी के मोर्चों के जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat