बदायूं। जनपद के उघैती थाना क्षेत्र अंतर्गत बिजनौर हाईवे पर खितौरा गांव के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने सवारियों से भरे टेंपो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पति-पत्नी सहित तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही उघैती थाना पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से टेंपो में फंसे लहूलुहान यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी और सहसवान भिजवाया, जहां कई यात्रियों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार सभी मृतक और अधिकांश घायल एक ही गांव के निवासी हैं। वे सभी सहसवान से डॉक्टर के पास से दवा लेकर अपने घर वापस लौट रहे थे। तभी खितौरा गांव के समीप पीछे से काल बनकर आए तेज रफ्तार डंपर ने टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक ही गांव के तीन लोगों की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि टेंपो में क्षमता से कहीं अधिक लगभग 16 सवारियां भरी हुई थीं। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पुलिस और परिवहन विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर हाईवे पर पुलिस चौकियों और पिकेट की मौजूदगी के बावजूद डग्गामार और ओवरलोड वाहन बेधड़क कैसे दौड़ रहे हैं।
हादसे के बाद चालक डंपर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
Budaun Amarprabhat