
संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूं। महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा जरूरत के समय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को जिलेभर में मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस की मिशन शक्ति टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया। इस दौरान पंपलेट वितरित कर सुरक्षा, सरकारी योजनाओं और जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के छठे चरण के अंतर्गत महिला पुलिसकर्मियों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रमों में महिलाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान और जरूरत पड़ने पर पुलिस से संपर्क करने के तरीकों की जानकारी दी गई।
मुसीबत के समय इन नंबरों को रखें याद
पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को महिला पावर लाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, एंबुलेंस सेवा 108 व 102 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और वन स्टॉप सेंटर सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
डिजिटल ठगी से बचाव के तरीके भी बताए
जागरूकता कार्यक्रमों में साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों से बचने के उपाय भी बताए गए। पुलिस टीमों ने लोगों से अपील की कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, पिन, ओटीपी और कार्ड का सीवीवी नंबर साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन गतिविधि के मामले में सतर्क रहें और जरूरत पड़ने पर संबंधित हेल्पलाइन से सहायता लें।
पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना है।
Budaun Amarprabhat