
बदायूं। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘मिशन शक्ति फेज 6.0’ के अंतर्गत बदायूं में भव्य जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सोमवार, 12 अक्टूबर को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस लाइन परेड ग्राउंड से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
यह जागरूकता रैली पुलिस लाइन परेड ग्राउंड से प्रारंभ होकर पुलिस लाइन चौक, इंदिरा चौक, छह सड़का, नेहरू चौक और रोडवेज बस स्टैंड होते हुए पुनः पुलिस लाइन ग्राउंड पर संपन्न हुई। रैली में महिला पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हाथों में स्लोगन पट्टिकाएं लेकर “सशक्त नारी, सुरक्षित समाज” का संदेश दिया। मार्ग में आम नागरिकों, महिलाओं एवं छात्राओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों (1090, 112, 1076, 181, 1098), कानूनी अधिकारों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस मौके पर एडीएम (ई) मानवेन्द्र सिंह, एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया, एसडीएम बिसौली प्रियंका वैश्य, एसडीएम बिल्सी गौरव आर्य, आरआई इंद्रजीत सिंह और महिला थाना प्रभारी निरीक्षक ज्योति सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में महिलाओं के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण तैयार करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Budaun Amarprabhat