बदायूँ: । युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के कल्चरल ट्रैक (राष्ट्रीय युवा उत्सव) के तहत जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 28 अक्टूबर 2026 को प्रातः 9 बजे से ऑडिटोरियम, डायट परिसर के हॉल में किया जाएगा। जिलाधिकारी की स्वीकृति के क्रम में आयोजित होने वाले इस उत्सव में युवा अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी हरिप्रेम ने बताया कि युवा उत्सव में लोकनृत्य (समूह), लोकगीत (समूह), नुक्कड़ नाटक (समूह), चित्रकला एवं कविता लेखन की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभाग कर सकेंगे। आयु की गणना 26 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। प्रतिभागी का जनपद बदायूँ का निवासी होना अथवा जनपद में अध्ययनरत होना अनिवार्य है।
लोकनृत्य, लोकगीत एवं नुक्कड़ नाटक की समूह विधाओं में एक दल में अधिकतम 10 प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। लोकनृत्य एवं लोकगीत में अधिकतम तीन संगतकर्ता भी शामिल किए जा सकते हैं, जिनकी आयु 40 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। संगतकर्ताओं सहित दल के कुल सदस्यों की संख्या 10 से अधिक नहीं होगी। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में भाग ले सकेगा।
उन्होंने बताया कि लोकनृत्य, लोकगीत एवं नुक्कड़ नाटक में भाग लेने वाले कलाकारों को अपने वाद्य यंत्र एवं वेशभूषा स्वयं लानी होगी। प्रतियोगिता में फिल्मी गीतों का कार्यक्रम शामिल नहीं किया जाएगा। प्रत्येक विधा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। वहीं, प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता प्रतिभागियों को मंडल स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने इच्छुक युवाओं से युवा उत्सव में प्रतिभाग करने की अपील की है। कार्यक्रम से संबंधित जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9870811435 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त किसी भी कार्य दिवस में विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष संख्या 321 में संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
—-
Budaun Amarprabhat