43 लाख के 233 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद, स्वामियों को सौंपे
सम्भल। जनपद सम्भल की पुलिस और साइबर सेल टीम ने खोए हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी और अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत के निर्देशन में टीम ने अथक प्रयास करते हुए करीब 43 लाख रुपये मूल्य के कुल 233 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए हैं। रविवार को पुलिस अधीक्षक द्वारा इन सभी मोबाइलों को उनके मूल स्वामियों के सुपुर्द कर दिया गया, जिससे लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों द्वारा मोबाइल गुमशुदगी के संबंध में दिए गए प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लेते हुए जनपदीय साइबर सेल व समस्त थानों की साइबर टीमों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक निशान्त राठी और उनकी टीम ने दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित सीईआईआर पोर्टल की मदद से अभियान शुरू किया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद जनपद सम्भल के अलावा प्रदेश के अन्य जनपदों तथा गैर-राज्यों से विभिन्न नामी कंपनियों (जैसे आईफोन, विवो, ओप्पो, सैमसंग, रियलमी, वनप्लस आदि) के 233 मोबाइल फोन ट्रैक कर बरामद किए।
इस अवसर पर पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी का फोन खो जाए या चोरी हो जाए, तो अनधिकृत उपयोग से बचने के लिए तत्काल सिम कार्ड ब्लॉक कराएं और बैंक खातों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। साथ ही आमजन ‘संचार साथी’ ऐप व सीईआईआर पोर्टल के जरिए खुद भी फोन का आईएमईआई नंबर ब्लॉक कर सकते हैं। यदि थाने में शिकायत दर्ज कराते हैं, तो पोर्टल की रिक्वेस्ट आईडी अवश्य प्राप्त करें, जिससे बरामदगी की प्रक्रिया में आसानी हो सके।
Budaun Amarprabhat