प्रेम विवाह के करीब दस साल बाद हुई घटना, मौत का कारण जानने के लिए कराया गया पोस्टमार्टम
संवाददाता
बदायूं। बिसौली थाना क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर में लंबे समय से बीमार चल रही एक विवाहिता की हालत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। महिला को उपचार के लिए बदायूं लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पति ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर निवासी राजा पुत्र अनोखे लाल करीब दस वर्ष पहले इटावा में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात रविंदर नाम के व्यक्ति से हुई। उनके घर आने-जाने के दौरान राजा और रविंदर की पुत्री प्रियंका के बीच प्रेम संबंध हो गए। बाद में दोनों ने आपसी सहमति से कोर्ट मैरिज कर ली। दंपती के तीन बेटे हैं।
परिजनों के मुताबिक, प्रियंका पिछले करीब ढाई वर्षों से गंभीर बीमारी से पीड़ित थी। पति राजा ने विभिन्न अस्पतालों में उसका उपचार कराया, लेकिन उसकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। बीते दिन अचानक उसकी तबीयत अधिक बिगड़ गई। इसके बाद पति उसे बेहतर उपचार के लिए बदायूं लेकर जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्रियंका को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि भविष्य में किसी तरह के कानूनी विवाद या आशंका की स्थिति से बचने और मौत की स्थिति स्पष्ट कराने के लिए पति ने स्वयं पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही विवाहिता की मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
Budaun Amarprabhat