ओरछी। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र अंतर्गत कस्बा ओरछी के निकटवर्ती गांव परमानंदपुर में मकान निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। संघर्ष में राजमिस्त्री, एक मजदूर और गृहस्वामी की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवती को उपचार के लिए चंदौसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़ित देवेंद्र के अनुसार, वह सुबह अपने मकान की छत डलवाने का कार्य करा रहे थे। तभी पड़ोसी फकीर चंद्र और उनके पुत्र नेमपाल, नन्हे व भूरे वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में काम कर रहे राजमिस्त्री रमेश, एक मजदूर और देवेंद्र की पुत्री लहूलुहान हो गए। मारपीट की इस घटना का वीडियो परिजनों द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
थाना फैजगंज बेहटा प्रभारी कपिल कुमार ने बताया कि परमानंदपुर गांव में मकान निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद व मारपीट की सूचना मिली थी। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी फकीर चंद्र, नेमपाल, नन्हे और भूरे के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की विधिक जांच की जा रही है।
Budaun Amarprabhat