
बदायूं। कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, समर्पण और बलिदान को नमन करते हुए जनपद बदायूं की रिजर्व पुलिस लाइन में बुधवार को ‘पुलिस स्मृति दिवस’ भावुक और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। शहीद स्मारक स्थल पर आयोजित इस मुख्य श्रद्धांजलि समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा सहित जिले के तमाम आला पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अमर शहीदों को नमन कर अपने श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम की शुरुआत एसएसपी अंकिता शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके उपरांत शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को याद किया गया। पुलिस गार्द ने शोक शस्त्र की मुद्रा अपनाई और विधिवत सलामी देकर दो मिनट का मौन धारण किया। इस दौरान उपस्थित समस्त पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अपने साथियों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम में एसएसपी द्वारा शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और उन्हें हर परिस्थिति में विभाग की ओर से निरंतर सहयोग व संबल का भरोसा दिलाया गया।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को मनाया जाने वाला पुलिस स्मृति दिवस हमें उन जांबाज जवानों की याद दिलाता है, जिन्होंने समाज में शांति, सुरक्षा और कानून का राज कायम रखने के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनका यह अप्रतिम बलिदान भावी पीढ़ियों और सेवारत जवानों को सदैव निष्ठापूर्वक कर्तव्य पालन की प्रेरणा देता रहेगा।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह, सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव, सीओ उझानी राहुल पाण्डेय, सीओ दातागंज अशेषनाथ सिंह, सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह, सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव एवं प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat