सहसवान। कोतवाली सहसवान क्षेत्र के गांव जरीफपुर गढ़िया में खेत पर काम करने गए 45 वर्षीय किसान का शव उसके ट्यूबवेल पर मिलने से गांव में शोक का माहौल है। किसान की मौत को लेकर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, गांव जरीफपुर गढ़िया निवासी बांकेलाल (45) पुत्र प्यारेलाल सोमवार शाम अपने खेत पर काम करने गए थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। तलाश करते हुए परिजन खेत पर पहुंचे तो बांकेलाल ट्यूबवेल के पास बेसुध अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद उन्हें मृत पाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बदायूं भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat