बदायूं। जनपद में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी की रोकथाम और तस्करों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो शातिर तस्करों को 300 ग्राम अवैध अफीम, दो मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी सहित दबोच लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकअंकिता शर्मा के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की पड़ताल में जुटी थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक पवन कुमार मय पुलिस टीम द्वारा बदायूं-बरेली बाईपास पर निर्माणाधीन हाईवे स्थित आसरा आवास चौराहा के समीप वाहनों की जांच की जा रही थी। तभी स्कूटी सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई, तो उनके पास से 300 ग्राम नशीली अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने तत्काल दोनों आरोपियों—सोविन्द्र पुत्र चंद्रपाल और रामसेवक पुत्र डालचन्द्र (दोनों निवासीगण ग्राम सिरसा ठेर, थाना सिविल लाइन, जनपद बदायूं) को हिरासत में ले लिया। मौके से बरामद स्कूटी को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया तथा अभियुक्तों के दो टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
थाना कोतवाली में दोनों आरोपियों के विरुद्ध मु.अ.सं. 257/2026 के अंतर्गत धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत दोनों अभियुक्तों को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
Budaun Amarprabhat