बदायूं। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों की लंबित समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग और वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों से वार्ता की। संगठन ने 27 अक्टूबर तक समस्याओं का समाधान नहीं होने पर 28 अक्टूबर को दोनों कार्यालयों पर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय प्रचार मंत्री संजीव शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार और प्रभारी वित्त एवं लेखाधिकारी के समक्ष विभिन्न समस्याएं रखीं। इनमें चयन वेतनमान, अवशेष एरियर, जीपीएफ ऋण और अन्य वित्तीय प्रकरणों के निस्तारण में हो रही देरी का मुद्दा प्रमुख रहा। संगठन ने वेतन का नियमित भुगतान और बकाया महंगाई भत्ता एरियर जारी करने की मांग भी उठाई।
संघ पदाधिकारियों ने वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में कुछ कर्मचारियों पर सुविधा शुल्क मांगने तथा मानव संपदा पोर्टल पर वेतन संबंधी विवरण में कथित गड़बड़ी किए जाने के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। ये आरोप संगठन की ओर से लगाए गए हैं।
वहीं, बीएसए के समक्ष प्रोन्नत वेतनमान में वरिष्ठता सूची के अनुसार लाभ देने, उच्च न्यायालय के आदेशों के तहत प्रभारी प्रधानाध्यापकों के एरियर भुगतान, 69 हजार शिक्षक भर्ती के अंतर्गत नियुक्त शिक्षकों के ब्रिज कोर्स अवकाश की स्वीकृति तथा मध्याह्न भोजन योजना की कन्वर्जन कॉस्ट और फल वितरण की लंबित धनराशि का मामला उठाया गया। संगठन ने विद्यालय प्रबंध समिति के खातों से सामग्री खरीद के संबंध में बनाए जा रहे कथित दबाव की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
संघ ने स्पष्ट किया कि 27 अक्टूबर तक लंबित प्रकरणों का समाधान नहीं होने पर 28 अक्टूबर को दोनों कार्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दामोदर सिंह यादव, उझानी ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद दीक्षित, सलारपुर ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पटेल, हरीश यादव, मो. अराफात, मो. उजैर अहमद, रमन सिंह और वैभव श्रोत्रीय सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
Budaun Amarprabhat