बदायूं। जनपद के छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदेय स्थलों के सम्भाजन के बाद नई सूची का आलेख्य प्रकाशित कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी अवनीश राय ने बताया कि प्रकाशित सूची पर आमजन 26 अक्टूबर 2026 तक आपत्ति और सुझाव दर्ज करा सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, पहले जनपद में कुल 2859 मतदेय स्थल थे। सम्भाजन के बाद इनकी संख्या घटकर 2778 रह गई है। इस प्रकार मतदेय स्थलों की संख्या में 81 की कमी हुई है।
विधानसभा क्षेत्रवार मतदेय स्थलों की स्थिति इस प्रकार है। बिसौली में पहले 501 मतदेय स्थल थे, जो अब 486 रह गए हैं। सहसवान में 491 से घटकर 477, बिल्सी में 429 से घटकर 418, बदायूं में 438 से घटकर 430, शेखूपुर में 490 से घटकर 477 तथा दातागंज में 510 से घटकर 490 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं।
प्रकाशित आलेख्य सूची संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों यानी तहसील कार्यालयों तथा जिला निर्वाचन कार्यालय में निरीक्षण के लिए उपलब्ध है। निर्धारित समयसीमा के भीतर कोई भी व्यक्ति सूची का अवलोकन कर अपनी आपत्ति या सुझाव संबंधित प्रकाशन स्थल पर प्रस्तुत कर सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आपत्ति और सुझाव दर्ज कराने की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर 2026 है। इसके बाद प्राप्त सुझावों और आपत्तियों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।
Budaun Amarprabhat