सहसवान। यूपी डास्प की नमामि गंगे जैविक खेती योजना के अंतर्गत ब्लॉक परिसर सहसवान में एक दिवसीय जैविक किसान मेला एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को जैविक खेती के लाभ, फसल पोषण, रोग नियंत्रण और जैविक उत्पादों के विपणन के संबंध में जानकारी दी गई।
ब्लॉक प्रमुख विक्रांत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में उन्होंने किसानों से जैविक खेती अपनाने की अपील की। साथ ही कृषक हित में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
गोष्ठी में जिला परियोजना समन्वयक, यूपी डास्प ने रासायनिक खेती के दुष्प्रभाव, जैविक खेती की विधियों, कृषि संबंधी समस्याओं के समाधान और सरकार की ओर से दिए जाने वाले अनुदान की जानकारी दी। वरिष्ठ गन्ना निरीक्षक डॉ. पीके वर्मा ने जैविक विधियों से फसलों में पोषक तत्वों के प्रबंधन के बारे में बताया। सहायक कृषि विकास अधिकारी डॉ. अन्जार अहमद ने दीमक और फफूंदजनित रोगों की रोकथाम के उपाय बताए। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र उझानी के वैज्ञानिक डॉ. रौशन सिंह ने पशुओं के रखरखाव और रोग नियंत्रण के संबंध में जानकारी दी।
किसानों के जैविक उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेले में प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से जैविक उत्पादों को स्थानीय बाजार में प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी लवकुश मिश्रा, वीटीएम सहसवान, प्रमाणीकरण संस्था के अवधेश कुमार सिंह, गठित समूहों के सदस्य, किसान तथा सहयोगी संस्था बायोसर्ट इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के क्षेत्रीय कर्मचारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat