बदायूं। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने नगर पालिका परिषद बदायूं तथा विकासखंड उझानी स्थित मतदेय स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि मतदान से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
23 अक्टूबर को होगा मतदान
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान निर्धारित है। जनपद में इसके लिए कुल 10 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।
इन स्थानों पर बनाए गए हैं मतदेय स्थल
निर्धारित सूची के अनुसार, नगर पालिका परिषद बदायूं में मतदेय स्थल संख्या 32, नगर पालिका परिषद बिल्सी में 30 तथा क्षेत्र पंचायत कार्यालय बिसौली में 26, आसफपुर में 27, वजीरगंज में 28, सहसवान में 29, इस्लामनगर में 31, उझानी में 33, म्याऊं में 34 और क्षेत्र पंचायत कार्यालय दातागंज में मतदेय स्थल संख्या 35 निर्धारित किया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से निर्वाचन को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
Budaun Amarprabhat