Breaking News

डेंगू और मलेरिया के बढ़ते प्रकोप को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, पिपरिया गांव में लगा दो दिवसीय शिविर

Spread the love

आसफपुर। मौसम में हो रहे बदलाव के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू, मलेरिया और मौसमी बुखार जैसी बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज कुमार शर्मा के निर्देशन में विकास खंड आसफपुर क्षेत्र के गांव पिपरिया में दो दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की संयुक्त टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक किया और बीमार लोगों की स्वास्थ्य जांच की। जांच टीम में डॉ. अफाक, डॉ. नाजरा आजाद, लैब टेक्नीशियन श्याम सुंदर और पुष्पेंद्र कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे।
स्वास्थ्य टीम ने दो दिनों के भीतर 156 से अधिक मरीजों का मौके पर ही परीक्षण किया। बुखार, बदन दर्द और कमजोरी के लक्षण वाले मरीजों के रक्त के नमूने लेकर मलेरिया व अन्य जांचें की गईं। साथ ही सभी जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही आवश्यक दवाइयां निःशुल्क वितरित की गईं।
चिकित्सकों ने ग्रामीणों को अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने देने, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने और मच्छरदानी का नियमित प्रयोग करने की सलाह दी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। संवेदनशील गांवों में लगातार शिविर लगाकर जांच और दवा वितरण का कार्य जारी रहेगा, ताकि किसी भी स्थिति में बीमारी को फैलने से रोका जा सके।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

दरगाह-ए-आलिया कादरिया पर 28 अक्टूबर से शुरू होगा 185वां उर्स-ए-कादरी

Spread the loveदेश-विदेश से जुटेंगे जायरीन बदायूं। रूहानियत और सूफी परंपरा के प्रमुख केंद्र, विश्व …