बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया, जहां कासगंज से बरेली की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात अधेड़ की मौके पर ही कटकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया।
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला सिविल लाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत पोस्टमार्टम हाउस के समीप बने रेलवे पावर हाउस के पास का है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कासगंज से बरेली जा रही ट्रेन जब इस इलाके से गुजर रही थी, तभी उक्त व्यक्ति रेलवे ट्रैक की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि अधेड़ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इस बीच रेलवे कर्मचारियों ने शव को उसी ट्रेन में रखवाकर बदायूं रेलवे स्टेशन पहुंचाया। बताया जा रहा है कि रेलवे कर्मचारी नियमानुसार शव को राजकीय रेलवे पुलिस के सुपुर्द करेंगे, ताकि आगे की विधिक कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। सिविल लाइंस थाना पुलिस आसपास के लोगों और स्थानीय थानों की मदद से शव की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है। व्यक्ति रेलवे ट्रैक पर किन परिस्थितियों में पहुंचा, इसकी भी जांच की जा रही है।
Budaun Amarprabhat