बिसौली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक एमएलसी निर्वाचन के तहत शुक्रवार को बिसौली क्षेत्र में शिक्षकों ने लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक चाक-चौबंद प्रबंधों के बीच मतदान की प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और निर्विवाद ढंग से संपन्न हो गई। इस चुनाव में कुल 81.58 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो शिक्षक समुदाय में अपने प्रतिनिधि के चयन को लेकर भारी जागरूकता और उत्साह को दर्शाता है।
सुबह 8 बजे मतदान शुरू होते ही केंद्रों पर शिक्षक मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। दिन चढ़ने के साथ ही वोटिंग की रफ्तार में और तेजी आई। बुजुर्ग, युवा और महिला शिक्षकों ने भी पूरे उत्साह के साथ कतारबद्ध होकर अपने पसंदीदा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया।
मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मतदान केंद्र के भीतर और बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। चप्पे-चप्पे पर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की पैनी नजर बनी रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने समय-समय पर बूथों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय स्थिति पैदा नहीं हुई। शाम को निर्धारित समय पर मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को पूरी सुरक्षा के बीच सील कर दिया गया। भारी मतदान के बाद अब सभी की निगाहें चुनाव परिणाम पर टिक गई हैं।
Budaun Amarprabhat