बिसौली। नगर में धार्मिक आस्था, भक्ति और अपार उल्लास के बीच ऐतिहासिक जनता रामलीला मेले का भव्य एवं दिव्य शुभारंभ हुआ। मेले का विधिवत उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता एवं क्षेत्रीय विधायक आशुतोष मौर्य ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों की मौजूदगी से समूचा परिसर उत्सवमय नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान मेला कमेटी के अध्यक्ष सचिन कुमार, अनुपम गुप्ता, गौरीशंकर कथूरिया, श्रीकृष्ण गुप्ता और गौरव गुप्ता ने अतिथियों का 21 किलो फूलों की विशाल माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि राजीव गुप्ता और विधायक आशुतोष मौर्य ने विधि-विधान से गणपति पूजन कर राम दरबार में आरती उतारी तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने कहा कि रामलीला जैसे आयोजन हमारी सनातन संस्कृति, परंपरा और प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। क्षेत्रीय विधायक आशुतोष मौर्य ने मेला परिसर के भव्य मुख्य द्वार के निर्माण का भरोसा दिलाया, जिससे कमेटी पदाधिकारियों में भारी उत्साह दिखा।
इस दौरान रामलीला नाट्य परिषद के अध्यक्ष तेजपाल गुप्ता, डायरेक्टर राम प्रकाश गुप्ता व अनुज शर्मा ने अतिथियों को राम दरबार का प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। कमेटी अध्यक्ष सचिन कुमार ने मेले के इतिहास और परंपरा पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन अनुपम गुप्ता ने किया और आभार भाजपा जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश वार्ष्णेय ने जताया। समारोह में ब्लॉक प्रमुख अमित पाठक, भाजपा नगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह, पूर्व बार अध्यक्ष अनूप शर्मा एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat