बदायूं। जनपद में आगामी 25 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा एवं गंगा स्नान पर्व के अवसर पर कछला गंगा घाट और अटैना घाट पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बदायूं पुलिस ने 24 घंटे का विस्तृत रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह डायवर्जन 24 अक्टूबर की रात 8:00 बजे से लागू होकर 25 अक्टूबर की रात 8:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।
यातायात पुलिस द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों के अनुसार हाथरस, अलीगढ़, मथुरा व राजस्थान जाने वाले वाहन: हल्के, मध्यम और भारी वाहन उझानी बाईपास से मुजरिया, सहसवान, जरीफनगर, गुन्नौर, बबराला होते हुए अलीगढ़ की ओर निकाले जाएंगे। कासगंज, एटा व आगरा जाने वाले वाहन: सभी प्रकार के वाहन नौशेरा तिराहा (सिविल लाइन) से कादरचौक होते हुए गंजडुंडवारा (कासगंज) के रास्ते अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
मुजरिया चौराहे तथा कछला रोड (सहसवान) से कछला होते हुए कासगंज की ओर किसी भी सामान्य वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।
व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए नौशेरा तिराहा, राजकीय मेडिकल कॉलेज तिराहा, उझानी बड़ा बाईपास, मुजरिया चौराहा और कछला रोड (सहसवान) पर स्थानीय थाना पुलिस और यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन ने आमजन और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
Budaun Amarprabhat