Breaking News

शराब की दुकानों में नकबजनी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, 4 शातिर चोर गिरफ्तार

Spread the love

बदायूं। जनपद बदायूं की थाना कादरचौक पुलिस ने शराब की दुकानों में नकबजनी करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने बदायूं व सीमावर्ती जनपद कासगंज में दुकानों की दीवार काटकर चोरी करने वाले चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी की शराब, नकदी, अवैध असलहे व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
एसएसपी के निर्देश, एसपी सिटी के मार्गदर्शन और सीओ उझानी के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत कादरचौक थाने के उपनिरीक्षक अजयवीर सिंह व उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने ग्राम भोजपुर निवासी चार सगे साथियों—सूरज, करन, अभिषेक और बादल को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कादरचौक क्षेत्र के ग्राम ककोड़ा में अंग्रेजी शराब की दुकान, ग्राम असरासी में देशी शराब की दुकान, कासगंज के ग्राम लखापुर (थाना सिकंदरपुर वैश्य) और दरियाबगंज स्टेशन (थाना पटियाली) स्थित शराब की दुकानों में नकबजनी की वारदातें स्वीकार की हैं। ये गिरोह रात के अंधेरे में दुकानों में कुमिल लगाकर शराब की पेटियां व नकदी पार कर देता था।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 10,000 रुपये नकद, विभिन्न ब्रांड्स (8 पीएम, आफ्टर डार्क ब्लू, 100 पाइपर्स, मिस इंडिया व ग्रैंड मास्टर) की शराब की पेटियां व टेट्रा पैक, घटना में इस्तेमाल की गई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, 12 बोर का एक तमंचा, 2 जिंदा कारतूस और 3 अवैध चाकू बरामद किए हैं। चारों अभियुक्तों के खिलाफ बदायूं व कासगंज में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

वनस्पति विज्ञान विभाग में पादप नामकरण एवं वर्गिकी पर हुई विशेष चर्चा

Spread the loveबदायूँ। राजकीय महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के 15 दिवसीय ‘स्टूडेंट्स सेमिनार श्रृंखला’ …