आसफपुर। स्थानीय विकास खंड कार्यालय के मुख्य द्वार के ठीक सामने लगा सरकारी हैंडपंप इन दिनों आमजन और राहगीरों के लिए भारी परेशानी का सबब बना हुआ है। हैंडपंप का प्लास्टिक पाइप लंबे समय से क्षतिग्रस्त होकर फटा पड़ा है, जिससे निकलने वाला पानी सड़क पर फैलकर कीचड़ और जलभराव का रूप ले चुका है। इसके चलते स्थानीय ग्रामीण, दुकानदार, स्कूली बच्चे और राहगीर इसी गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरने को मजबूर हैं।
स्थानीय वरिष्ठ नागरिक बाबूराम मौर्य समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि खंड विकास कार्यालय के गेट से महज कुछ ही कदमों की दूरी पर स्थित इस सरकारी हैंडपंप का पाइप पिछले कई महीनों से टूटा पड़ा है। ब्लॉक मुख्यालय होने के नाते यहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और फरियादी अपने सरकारी कामकाज के सिलसिले में आते-जाते हैं। इसके अलावा ब्लॉक और तहसील स्तर के वरिष्ठ व प्रशासनिक अधिकारी भी रोजाना इसी मुख्य रास्ते से होकर गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद इतने व्यस्त और संवेदनशील स्थान पर फैले कीचड़ व टूटे पाइप पर अब तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी का ध्यान आकर्षित नहीं हुआ है।
दुकानदारों और ग्रामीणों का कहना है कि स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के फिसलकर चोटिल होने का खतरा लगातार बना रहता है। स्थानीय नागरिकों ने ब्लॉक प्रशासन और संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का तत्काल संज्ञान लेने तथा हैंडपंप के पाइप की मरम्मत कराकर कीचड़ से निजात दिलाने की मांग की है।
Budaun Amarprabhat