Breaking News

ग्राम व्योर में राजकीय हाईस्कूल का शिलान्यास, शिक्षा को मिलेगी नई मजबूती: महेश चंद्र गुप्ता

Spread the love

संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूँ।
सदर विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद गुप्ता ने गुरुवार को अपनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम व्योर में राजकीय हाईस्कूल भवन का विधिवत शिलान्यास किया। शिलान्यास के साथ ही क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई, क्योंकि अब गांव के बच्चों को शिक्षा के लिए दूरदराज नहीं जाना पड़ेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम के उपरांत ग्राम व्योर में एक जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने सदर विधायक का जोरदार स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि अब तक इस क्षेत्र में कोई भी राजकीय हाईस्कूल नहीं था, जिसके कारण गांव के बेटा-बेटियों को पढ़ाई के लिए बदायूं या बिनावर जाना पड़ता था। इससे विशेषकर बेटियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए यहां राजकीय हाईस्कूल की स्वीकृति कराई गई है, जिसे लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। आज उसका शिलान्यास होना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है। विद्यालय के निर्माण से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और विशेष रूप से बेटियों को शिक्षा में सहूलियत प्राप्त होगी।
सदर विधायक ने कहा कि आज के समय में अच्छी शिक्षा बेहद जरूरी है, क्योंकि किसी भी व्यक्ति और समाज का सर्वांगीण विकास शिक्षा के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने जानकारी दी कि इससे पूर्व विधानसभा क्षेत्र के ग्राम घटपुरी में राजकीय इंटर कॉलेज तथा यूसुफनगर में भी इंटर कॉलेज की स्थापना कराई जा चुकी है। सरकार शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने देगी और आगे भी नए विद्यालय खोलने के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से शिक्षा दिलाएं, क्योंकि जब बच्चे पढ़ते हैं तो पूरा परिवार और समाज तरक्की करता है।
कार्यक्रम में पूर्व डीसीबी चेयरमैन उमेश सिंह राठौर, जिला उपाध्यक्ष सोवरन सिंह राजपूत, ब्लॉक प्रमुख अनेकपाल सिंह पटेल, संदीप सिंह, धीरेन्द्र सिंह, रामचरण पाल, सूखेन्द्र सिंह, राहुल सिंह चौहान, पंकज गुप्ता, अनोज सिंह, मनोज सिंह, हरवंश पाल, अंकित शाक्य, आदेश शर्मा, शितांशु सिंह, सरवन कश्यप सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

दातागंज पुलिस ने दो युवकों को चार चोरी की मोटरसाइकिलों समेत पकड़ा

Spread the loveवाहन चेकिंग के दौरान मिली सफलता, बरामद वाहनों के संबंध में पुलिस कर …

error: Content is protected !!