संवाददाता आईएम खान
बिसौली। विधानसभा बिसौली क्षेत्र के नो मैपिंग वाले मतदाताओं की सुनवाई दूसरे दिन भी जारी रही। बृहस्पतिवार को तहसील सभागार में सीडीपीओ अल्पना जौहरी ने एसआईआर के तहत जारी नोटिसों की सुनवाई की। इस दौरान मतदाताओं से वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग के लिए आवश्यक साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा गया।
सुनवाई में जिन मतदाताओं ने 2003 की वोटर लिस्ट से संबंधित साक्ष्य प्रस्तुत किए, उनकी तत्काल मैपिंग कर दी गई। वहीं जिनके पास साक्ष्य उपलब्ध नहीं थे, उन्हें एक और मौका दिया गया है। हालांकि, कई मतदाता नोटिस की तिथि बीत जाने के बावजूद सुनवाई में उपस्थित नहीं हुए।
सुनवाई के दौरान उर्मिला, रामनिवास, खुशबू शर्मा, मुनीश चंद्र, श्रेष्ठ कुमार शर्मा, राजवीर, तारावती, सुरेंद्र कुमार, अनुपम वार्ष्णेय, जुबैर, अंशु गुप्ता, अनंत पाल सिंह, सुमन देवी, निर्मला देवी, मुन्नी देवी, रजिया बी सहित अन्य मतदाताओं ने 2003 की मतदाता सूची में शामिल अपने परिजनों के अभिलेख प्रस्तुत किए।
सीडीपीओ अल्पना जौहरी ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया है, यदि वे सुनवाई में उपस्थित नहीं होते हैं या आवश्यक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं करते हैं, तो उनका नाम मतदाता सूची से हटाया भी जा सकता है।
Budaun Amarprabhat