विद्या भारती ब्रज प्रदेश के मंच से शिक्षा, संस्कृति और संगठन पर हुआ मंथन, नई कार्ययोजना पर बनी सहमति
संवाददाता: गोविंद देवल
बदायूं। मीरा चौकी स्थित श्री राम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विद्या भारती ब्रज प्रदेश के त्रिदिवसीय प्रांतीय प्रधानाचार्य सम्मेलन का समापन समारोह पूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन में कार्य समीक्षा के साथ आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
तीन दिनों तक चले इस सम्मेलन में शिशु शिक्षा पद्धति, संगठनात्मक स्वरूप, शिशु वाटिका की व्यवस्थाएं, सप्तशक्ति कार्यक्रम, संस्कृति बोध परियोजना, खेलकूद, योग, वैदिक गणित, विज्ञान मेला, अभिभावक सम्मेलन और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन किया गया। साथ ही नगरों और गांवों में सज्जन शक्ति के जागरण, भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रसार, प्रिंट व डिजिटल मीडिया के प्रभावी उपयोग और कार्यालय प्रबंधन जैसे विषयों पर भी विचार साझा किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदना सत्र से हुई, जिसमें विद्या की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर संगठन मंत्री हरिशंकर, प्रदेश निरीक्षक यशवीर सिंह और हरवीर सिंह चाहर ने संयुक्त रूप से सरस्वती वंदना कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।
सम्मेलन में मौजूद प्रधानाचार्यों ने अपने-अपने विद्यालयों में इन व्यवस्थाओं को लागू कर समाज में एक आदर्श प्रस्तुत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर शिक्षा के माध्यम से संस्कारयुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया गया।
Budaun Amarprabhat