इज्जतनगर मंडल में पर्यावरण संरक्षण अभियान तेज, स्टेशनों पर चलाए गए जागरूकता कार्यक्रम
सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ यात्रियों और कर्मचारियों को किया जागरूक, दिलाई पर्यावरण संरक्षण की शपथ
बरेली। रेलवे बोर्ड एवं मुख्यालय के निर्देश पर इज्जतनगर मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के तहत पर्यावरण संरक्षण अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में चल रहा यह विशेष अभियान 5 जून 2026 तक जारी रहेगा।
अभियान के दूसरे दिन शनिवार को इज्जतनगर मंडल के लालकुआं, काठगोदाम, रुद्रपुर सिटी, बरेली सिटी, कासगंज, काशीपुर, हल्द्वानी, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, कन्नौज, मथुरा कैंट, इज्जतनगर एवं पीलीभीत रेलवे स्टेशनों पर जागरूकता कार्यक्रमों और कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
अभियान के तहत #MissionLiFE एवं विश्व पर्यावरण दिवस-2026 की थीम को केंद्र में रखते हुए पर्यावरण संरक्षण, जलवायु कार्रवाई, सिंगल यूज प्लास्टिक में कमी और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने के संदेश प्रसारित किए गए। रेलवे के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों और फोटोग्राफ साझा किए गए।
रेलवे कर्मचारियों के लिए आयोजित जागरूकता सत्रों में जलवायु परिवर्तन, पर्यावरणीय उत्तरदायित्व, अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक कचरे में कमी और स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। वहीं स्टेशनों पर उद्घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों और विक्रेताओं को प्लास्टिक बोतल, कप, कैरी बैग एवं डिस्पोजेबल सामग्री के उपयोग से बचने की अपील की गई।
अभियान के दौरान रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों एवं हाउसकीपिंग स्टाफ ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली। उन्हें जल संरक्षण, ऊर्जा बचत और पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाकर स्वच्छ एवं हरित रेलवे प्रणाली के निर्माण में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अलावा पोस्टर, बैनर, डिजिटल डिस्प्ले एवं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त वातावरण, जल संरक्षण और हरित पहल से जुड़े संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि इज्जतनगर मंडल पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता और सतत विकास के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
Budaun Amarprabhat