राहुल मौर्य
मसवासी (रामपुर)। तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे में कुत्ते को बांधने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पशु क्रूरता का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है।
बताया जा रहा है कि मानपुर उत्तरी क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों के चलते वन विभाग ने उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था। आरोप है कि तेंदुए को पिंजरे तक आकर्षित करने के लिए उसके भीतर एक कुत्ते को बांध दिया गया। किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों ने इस तरीके पर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि किसी भी जीवित पशु को इस तरह खतरे में डालना उचित नहीं है।
मामले में पूछे जाने पर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) प्रणव जैन ने कहा कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे में बकरी को चारे के रूप में बांधा जा सकता है। यदि कहीं कुत्ते को बांधे जाने की बात सही पाई जाती है तो मामले की जांच कर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग की ओर से जांच के आश्वासन के बाद अब लोगों की नजर कार्रवाई पर टिकी हुई है। वहीं वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
Budaun Amarprabhat