संवाददाता गोविन्द देवल 
दातागंज। गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) ने तहसील दातागंज क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं और चल रहे कटाव निरोधक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ खंड बदायूं के अधिकारियों के साथ उसहैत एवं उसावां तटबंधों का जायजा लेकर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने उसहैत तटबंध के अंतर्गत ग्राम असमया रफतपुर, अहमद नगर बछौरा सहित अन्य स्थानों पर संचालित कटाव निरोधक परियोजनाओं को देखा। ग्राम असमया रफतपुर के निकट कार्य पूर्ण पाया गया, जबकि अहमद नगर बछौरा के पास कार्य प्रगति पर मिला। अधिकारियों ने बताया कि शेष कार्य बाढ़ से पूर्व पूरा कर लिया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी ने उसहैत तटबंध के किलोमीटर 4.000 से 17.000 तथा उसावां तटबंध के किलोमीटर 0.000 से 3.500 तक निरीक्षण किया। दोनों तटबंधों की स्थिति संतोषजनक पाई गई। उसावां तटबंध का शीर्ष भाग पक्की सड़क के रूप में विकसित पाया गया। निरीक्षण के दौरान तटबंध यातायात योग्य स्थिति में मिले।
उन्होंने बाढ़ खंड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ काल के दौरान संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं बनाए रखी जाएं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव भी प्राप्त किए। इसके अलावा रामगंगा नदी पर ग्राम समूह गौटिया और उरैना पुख्ता के समीप चल रहे कटाव निरोधक कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। परियोजना प्रगति पर पाई गई, जिस पर अधिकारियों को शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। :::
Budaun Amarprabhat