मृतक की मां की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा, वीडियो को बनाया गया जांच का आधार
आसफपुर। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के कस्बा मुड़िया धुरेकी में आत्महत्या के एक मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार कस्बा मुड़िया धुरेकी निवासी सुरेश कश्यप की कुछ समय पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। बताया गया कि उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में मृतक की मां कांति देवी ने अपनी पुत्रवधू सावित्री के खिलाफ तहरीर देकर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना से संबंधित उपलब्ध साक्ष्यों और वीडियो सहित अन्य तथ्यों को जांच में शामिल किया।
पुलिस उपनिरीक्षक जुगमेंद्र बालियान द्वारा की जा रही विवेचना के क्रम में वांछित चल रही सावित्री पत्नी सुरेश को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat