जगत ब्लॉक में दी गई जागरूकता की दस्तक
बदायूँ। ‘जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन्स एलायंस’ के सहयोग से चलाए जा रहे देशव्यापी ‘बाल विवाह मुक्त भारत कार्यक्रम’ के अंतर्गत मंगलवार को जनपद में सामाजिक चेतना का बड़ा संदेश दिया गया। इसके तहत संचालित संस्था काशी समाज शिक्षा विकास संस्थान, बदायूँ द्वारा विकास खण्ड जगत में आयोजित जन कल्याणकारी योजनाओं के शिविर में ग्रामीणों को बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में उमड़ी महिलाओं और पुरुषों की भीड़ को संबोधित करते हुए कम्युनिटी सोशल वर्कर दुर्गा ने बाल विवाह जैसी कुरीतियों पर कड़ा प्रहार किया।
शिविर के दौरान सोशल वर्कर दुर्गा ने उपस्थित जनसमुदाय को बाल विवाह, बालश्रम, बाल यौन शोषण एवं बाल तस्करी जैसे संवेदनशील विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने समाज में बच्चों के साथ होने वाले अपराधों के प्रति सचेत रहने की अपील की। इसके साथ ही, 01 जून से 30 जून तक जनपद में चलाए जा रहे ‘बाल तस्करी के विरूद्ध विशेष अभियान’ के बारे में लोगों को पम्पलेट देकर जागरूक किया गया।
संस्था की ओर से ग्रामीणों को समझाया गया कि यदि किसी को भी बाल तस्करी, बालश्रम या बाल विवाह से जुड़े किसी बच्चे के बारे में जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत इसकी सूचना शासन द्वारा जारी टोल फ्री नंबरों पर दें। इसके लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर तत्काल सूचना दी जा सकती है। संस्था ने आश्वस्त किया कि बच्चों के हित में सूचना देने वाले किसी भी नागरिक का नाम और पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाती है।
जागरूकता सत्र के उपरांत विकास खण्ड जगत के सभागार कक्ष में ‘बाल तस्करी के विरूद्ध हस्ताक्षर अभियान’ का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत लगाए गए विशेष बैनर पर खण्ड विकास अधिकारी और ब्लॉक के समस्त स्टाफ सहित वहां उपस्थित आम नागरिकों ने हस्ताक्षर कर अपनी प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम के समापन पर सभागार में मौजूद सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने बाल विवाह, बालश्रम एवं बाल तस्करी को समाज से जड़ से मिटाने की सामूहिक शपथ ली।
Budaun Amarprabhat