बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा ने गुरुवार को पुलिस लाइंस सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, कानून व्यवस्था तथा विभिन्न अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान एसएसपी ने थाना प्रभारियों को अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
महिला एवं बाल अपराधों की समीक्षा करते हुए संबंधित मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने तथा शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साइबर अपराध, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, ऑपरेशन त्रिनेत्र, ऑपरेशन कन्विक्शन, ऑपरेशन दहन एवं अन्य अभियानों की प्रगति का भी विस्तृत आकलन किया गया।
एसएसपी ने हिस्ट्रीशीटर, टॉप-10 अपराधियों, इनामिया बदमाशों, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों तथा अवैध शस्त्रों के निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही गैंगस्टर एक्ट के मामलों में अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने पर बल दिया।
बैठक में आईजीआरएस एवं पीजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, लंबित विवेचनाओं को समय से पूर्ण करने, सम्मन एवं वारंटों की तामील तथा न्यायालयी कार्यों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने और जाम की स्थिति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के प्रयोग तथा यातायात नियमों के पालन पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से संबंधित जनजागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सोमवती अमावस्या पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
एसएसपी ने कहा कि जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।संवाददाता : गोविंद देवल
Budaun Amarprabhat