Breaking News

श्री राम सरस्वती विद्या मंदिर में उत्साह के साथ मनाया गया 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

Spread the love

बदायूँ। मीरा चौकी स्थित श्री राम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में रविवार को 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह पूर्वक और बेहद हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ की विशेष थीम पर आधारित रहा, जिसके तहत उपस्थित जनसमूह को ‘करें योग, रहें निरोग’ का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि व योगाचार्य सर्वेश पाठक ने विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर तथा प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने पुष्पार्चन कर सामूहिक रूप से किया।
उपस्थित शिक्षक वर्ग, छात्र-छात्राओं और समाज के गणमान्य लोगों को योगाभ्यास कराते हुए योगाचार्य सर्वेश पाठक ने योग की महिमा पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “हमारा शरीर एक पवित्र मंदिर की भांति है और योग इसे स्वच्छ रखने की एक वैज्ञानिक व प्राकृतिक क्रिया है। नियमित योग से हमारा शरीर एवं मन न केवल निरोग रहता है, बल्कि मानसिक शांति भी प्राप्त होती है। इससे शरीर में स्फूर्ति और लचीलापन आता है।”
श्री पाठक ने दीर्घायु और मोक्ष के संदर्भ को जोड़ते हुए आगे कहा, “योग के माध्यम से हम स्वयं से जुड़कर परिवार, समाज और अंततः परमात्मा से साक्षात्कार करते हैं। मोक्ष का वास्तविक तात्पर्य इच्छा विहीनता से है, जिसे योग के जरिए प्राप्त किया जा सकता है। इसलिए हर व्यक्ति को इसे अपनी दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाना चाहिए।”
योगाभ्यास सत्र के दौरान योगाचार्य ने उपस्थित लोगों को भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, उज्जयी और भ्रामरी प्राणायाम का क्रमानुसार अभ्यास कराया। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक ‘ॐ’ के उच्चारण और ध्यान के माध्यम से सभी को मानसिक एकाग्रता का अनुभव कराया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद गंगवार ने आगंतुक मुख्य अतिथि योगाचार्य सर्वेश पाठक का परिचय कराया और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उनका आभार व धन्यवाद व्यक्त किया।
इस गरिमामयी अवसर पर कमलेश कुमार, शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रांत के प्रांत प्रचार प्रमुख राजकुमार सिंह सेंगर, अनुज पटेल, हिमांशु उपाध्याय, शैलेंद्र सिंह, अशोक कुमार, दिनेश कुमार शर्मा समेत समस्त आचार्य परिवार एवं स्थानीय समाज के संभ्रांत लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

बदायूँ में सीवरेज संकट का होगा स्थायी खात्मा, 63.10 करोड़ की योजना का 4 वार्डों में सर्वे शुरू

Spread the loveशेखपुर में 45 करोड़ की लागत से 15 एमएलडी का अत्याधुनिक एसटीपी निर्माणाधीन …

error: Content is protected !!