वडोदरा स्टेशन पर ब्लॉक के चलते कई ट्रेनों का अस्थायी ठहराव छायापुरी में
गोरखपुर, 21 जून। पश्चिम रेलवे के वडोदरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग का कार्य किए जाने के कारण 23 से 30 जून तक विभिन्न ट्रेनों का ठहराव वडोदरा स्टेशन के स्थान पर अस्थायी रूप से छायापुरी स्टेशन पर किया जाएगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि इस अवधि में मऊ-प्रतापनगर, लालकुआँ-प्रतापनगर, गोमती नगर-बांद्रा टर्मिनस, कानपुर अनवरगंज-मुंबई सेंट्रल, कटिहार-मुंबई सेंट्रल, गोरखपुर-वडोदरा, गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस, मऊ-वलसाड, आजमगढ़-बांद्रा टर्मिनस समेत कई विशेष ट्रेनों को छायापुरी स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।
इसके अलावा बांद्रा टर्मिनस-गोमती नगर, मुंबई सेंट्रल-बनारस, प्रतापनगर-मऊ, मुंबई सेंट्रल-कटिहार, बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर, मुंबई सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज, प्रतापनगर-लालकुआँ, वलसाड-मऊ, बांद्रा टर्मिनस-आजमगढ़ तथा वडोदरा-गोरखपुर विशेष गाड़ियां भी निर्धारित तिथियों पर छायापुरी स्टेशन पर रुकेंगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और ठहराव की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। रेल अधिकारियों के अनुसार वडोदरा स्टेशन पर चल रहे तकनीकी कार्यों को देखते हुए यह व्यवस्था अस्थायी रूप से लागू की गई है।
मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि कार्य पूर्ण होने के बाद ट्रेनों का संचालन पुनः पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार किया जाएगा।
Budaun Amarprabhat