Breaking News

शांतिकुंज हरिद्वार से निकली ज्योति कलश यात्रा का 23 जून को बदायूं में होगा भव्य स्वागत

Spread the love

– गायत्री शक्तिपीठ एवं आध्यात्मिक चेतना केंद्र पर 24 जून को मां गायत्री जयंती, गंगा दशहरा पर्व मनाने, पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ और विभिन्न संस्कार होंगे

बदायूं : अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार से निकली ज्योति कलश यात्रा का विभिन्न जनपदों में पूजन, भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया जा रहा है। शाहजहांपुर से आगे बढ़ती हुई यह ज्योति कलश यात्रा आज 23 जून को सुबह 10 बजे देवकली पटना स्थित शिव मंदिर पहुंचेगी, जहां गायत्री परिवार एवं क्षेत्रीय श्रद्धालुओं द्वारा ज्योति कलश यात्रा का पूजन और श्रद्धापूर्वक स्वागत किया जाएगा।
जिला समन्वयक नरेंद्र पाल शर्मा ने बताया कि ज्योति कलश यात्रा, धार्मिक, युग निर्माण, नैतिक जागरण, संस्कार संवर्धन, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, नारी शक्ति जागरण और सामाजिक एकता का संदेश लेकर चल रही है। यात्रा का उद्देश्य जन-जन तक आध्यात्मिक चेतना पहुंचाना तथा भारतीय संस्कृति के आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
यात्रा के स्वागत कार्यक्रम में मुख्य प्रबंध ट्रस्टी सुरेंद्रनाथ शर्मा, वरिष्ठ ट्रस्टी सुखपाल शर्मा, शिवंवदा सिंह, डीपी सिंह, सुमित कुकरेती सहित बड़ी संख्या में जिले के गायत्री परिजन और श्रद्धालु रहेंगे। देवकली पटना में पूजन-अर्चन एवं स्वागत के उपरांत यात्रा का जिले में भ्रमण कराया जाएगा।
उसी दिन ज्योति कलश यात्रा गायत्री शक्तिपीठ बहेड़ी मोड़, बदायूं पहुंचेगी, जहां गायत्री परिजन, वेदमंत्रों के साथ देवकन्याओं और मातृशक्तियों के द्वारा विधिवत पूजन किया जाएगा। 24 जून को गायत्री शक्तिपीठ पर गायत्री जयंती और गंगा दशहरा का पर्व मनाया जाएगा। मां गायत्री, युगऋषि वेदमूर्ति तपोनिष्ट पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीया भगवती देवी शर्मा का मातृशक्तियों द्वारा पूजन किया जाएगा। पुंसवन संस्कार, अन्नप्राशन संस्कार, विद्याराम संस्कार, चूड़ाकर्म संस्कार के अलावा विभिन्न संस्कार होंगे, पंचकुण्डीय गायत्री महायज्ञ के बाद आत्मीय परिजनों को भोजन कराया जाएगा।
25 जून की सुबह से ज्योति कलश यात्रा उसावां, म्याऊं, दातागंज, कुंवरगांव, बिसौली, वजीरगंज, इस्लामनगर, बिल्सी, सहसवान, उझानी, कादरचौक, बिनावर, बमनौसी तथा अन्य क्षेत्रों में पहुंचेगी। प्रत्येक स्थान पर मातृशक्ति, देवकन्याओं एवं गायत्री परिजनों द्वारा कलश यात्रा का स्वागत, पूजन एवं यज्ञ व दीपयज्ञ किए जाएंगे। हर क्षेत्र में ज्योति कलश यात्रा विश्राम भी करेगी। जिला समन्वयक नरेंद्र पाल शर्मा ने कहा कि ज्योति कलश यात्रा समाज में सद्भावना, आत्मिक जागरण, संस्कारों की पुनर्स्थापना और राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करने का माध्यम है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर ज्योति कलश यात्रा का स्वागत करने तथा उसके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि देवकली पटना शिव मंदिर में स्वागत कार्यक्रम के बाद यात्रा विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए गायत्री शक्तिपीठ पहुंचेगी, जहां विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गायत्री जयंती, गंगा दशहरा का पर धूमधाम से मनाने के साथ पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ और विभिन्न संस्कार होंगे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

जल निगम पेंशनर्स एसोसिएशन ने उठाई आवाज, अधिशासी अभियन्ता को सौंपीं चार सूत्रीय मांगें

Spread the loveबदायूँ। उ०प्र० जल ग्रामीण पेंशनर्स एसोसिएशन, जनपद-बदायूँ के तत्वाधान में मंगलवार को जल …

error: Content is protected !!