Breaking News

किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू अराजनैतिक का धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन सौंपा

Spread the love

बदायूं। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय आह्वान पर किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को मालवीय आवास गृह परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष रामचंद्र यादव एवं युवा जिलाध्यक्ष एडवोकेट रामलखन यादव ने किया।

धरने को संबोधित करते हुए किसान नेताओं ने कहा कि जिले की सभी तहसीलों में किसानों की खतौनियों में नाम और अंश गलत दर्ज होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इससे किसानों को विभिन्न सरकारी कार्यों और योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि प्रत्येक तहसील के गांवों में विशेष शिविर लगाकर नाम एवं अंश संबंधी त्रुटियों को तत्काल ठीक कराया जाए।

किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो रही है। साथ ही जिले में स्थापित सात मक्का क्रय केंद्रों पर अभी तक मक्का की खरीद शुरू नहीं होने से किसानों को अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है।

धरना-प्रदर्शन के बाद किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मजिस्ट्रेट के माध्यम से शासन को संबोधित ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

युवा जिलाध्यक्ष एडवोकेट रामलखन यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगी, जो सभी मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा।

धरना-प्रदर्शन में मंडल उपाध्यक्ष सेठ सिंह, मंडल उपाध्यक्ष भागमल सिंह, जिला उपाध्यक्ष जयपाल सिंह, बीर सिंह, जिला महासचिव रतिराम यादव, जिला उपाध्यक्ष श्याम बाबू, तहसील अध्यक्ष सहसवान राजेश, ब्लॉक अध्यक्ष सहसवान थाना सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष आसफपुर महेशपाल, ब्लॉक अध्यक्ष उझानी देवराज सिंह, जिला मीडिया प्रभारी संदीप सक्सैना, नगर अध्यक्ष गुड्डू खान, ग्राम अध्यक्ष चिचैटा नरेंद्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष जगत कृष्ण पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

जायंट्स महिला समृद्धि ग्रुप द्वारा आयोजित तीन दिवसीय योग शिविर का समापन

Spread the loveबिसौली। “स्वस्थ नारी समृद्ध समाज” की भावना के साथ जायंट्स महिला समृद्धि ग्रुप …

error: Content is protected !!