उसावा : अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में निकाली जा रही ज्योति कलश रथ यात्रा का उसावा के मुख्य मार्गों पर अभूतपूर्व स्वागत किया गया। देवकली पटना स्थित प्राचीन शिव मंदिर से लेकर उसावां नगर और गायत्री शक्तिपीठ बदायूं तक श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का अनूठा वातावरण देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चारण, भजन-कीर्तन, पुष्पवर्षा और जयघोषों के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने ज्योति कलश का पूजन कर युग निर्माण अभियान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
शाहजहांपुर से चलकर बदायूं पहुंची इस ज्योति कलश रथ यात्रा का सबसे पहले देवकली पटना स्थित प्राचीन शिव मंदिर पर भव्य स्वागत किया गया। मंदिर परिसर में वैदिक परंपराओं के अनुसार वेदमंत्रों के साथ ज्योति कलश का पूजन-अर्चन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर राष्ट्र, समाज और विश्व कल्याण की कामना की। उसावा के शिव मंदिर परिसर में उपस्थित मातृशक्तियों, युवाओं और वरिष्ठ परिजनों ने गायत्री महामंत्र का सामूहिक जप कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। उपजोन समन्वयक अजयवीर सिंह, जिला समन्वयक नरेंद्र पाल शर्मा ने कहा कि ज्योति कलश युग परिवर्तन, नैतिक जागरण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का संदेश लेकर चल रहा है।
वरिष्ठ ट्रस्टी सुखपाल शर्मा तथा नत्थूलाल शर्मा ने कहा कि कहा कि गायत्री परिवार का उद्देश्य व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण और समाज निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण करना है।
देवकली पटना से आगे बढ़ी ज्योति कलश रथ यात्रा उसावां स्थित शिव मंदिर पहुंची, जहां गायत्री शक्तिपीठ बदायूं के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी सुरेंद्र नाथ शर्मा ने वैदिक विधि-विधान के साथ ज्योति कलश रथ यात्रा का पूजन कराया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकाश, ज्ञान और सद्बुद्धि का विशेष महत्व है तथा ज्योति कलश उसी दिव्य चेतना का प्रतीक है जो मनुष्य के जीवन को अज्ञानता से ज्ञान की ओर ले जाती है। उसावां नगर पंचायत की चेयरमैन प्रियंका सिंह चौहान ने मातृशक्तियों और देवकन्याओं के साथ श्रद्धापूर्वक ज्योति कलश का पूजन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में संस्कार, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर रथ यात्रा को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया। बेबी गुप्ता और रजनी गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मातृशक्तियां और देवकन्याएं ज्योति कलश रथ यात्रा में शामिल रहीं। नगर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और चौराहों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर ज्योति कलश का पूजन किया। इस दौरान भक्ति गीतों और गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूबा दिखाई दिया। ज्योति कलश रथ यात्रा प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंची। यहां मंदिर महंत चेतन्य दास ने विशेष पूजा-अर्चना कर ज्योति कलश का पूजन किया।पूर्व चेयरमैन धीरेंद्र पाल गुप्ता, ओम प्रताप सिंह, संतोष सिंह, नरेश गुप्ता, रामबाबू गुप्ता तथा पवन गुप्ता आदि श्रद्धालुओं ने ज्योति कलश का पूजन किया।
शाहजहांपुर जिला समन्वयक सूरज वर्मा, ट्रस्टी दुर्गेश कुमार सिंह, रंजीत कुमार वर्मा तथा युवा प्रकोष्ठ के कपूर कुमार के नेतृत्व में आई इस ज्योति कलश रथ यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। मातृशक्तियों एवं देवकन्याओं ने भजन-कीर्तन किए।
सायंकाल ज्योति कलश रथ यात्रा गायत्री शक्तिपीठ बदायूं पहुंची, जहां गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन-अर्चन किया। शक्तिपीठ परिसर में देर शाम तक आध्यात्मिक गतिविधियां और भजन-कीर्तन चलते रहे।
गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि 24 जून को गायत्री शक्तिपीठ एवं आध्यात्मिक चेतना केंद्र बदायूं पर मां गायत्री जयंती, गंगा दशहरा तथा परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी वर्ष का महान पर्व बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। सुबह पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ होगा। उन्होंने बताया कि यज्ञ के साथ पुंसवन संस्कार, अन्नप्राशन संस्कार, विद्यारंभ संस्कार, मुंडन संस्कार आदि विभिन्न संस्कार संपन्न कराए जाएंगे। इसके बाद कन्या भोज और प्रसाद वितरण होगा। इस मौके पर गायत्री शक्तिपीठ बिसौली के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी सुखबीर सिंह, सियानंद सिंह, उमेश चंद्र गुप्ता, रज्जन लाल, राजेश पाल सिंह, अविनेश कुमार सिंह, संजीव कुमार, रत्नेश गुप्ता, श्याम बाबू गुप्ता आदि मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat