बदायूं। थाना फैजगंज बेहटा पुलिस ने लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया माल, नगदी, अवैध तमंचे, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार साथियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ह्रदेश कठेरिया के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव के नेतृत्व में फैजगंज बेहटा पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 23/24 जून की रात संभल जिले के थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के ग्राम बलकरनपुर निवासी राजकुमार अपने परिवार के साथ जा रहे थे। आसफपुर-शाहबाद रोड पर ग्राम सीकरी के पास बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रुकवाकर मारपीट की और उनकी पुत्रवधू से सोने की लर, कुंडल तथा पर्स लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था।
बुधवार को पुलिस टीम मन्नूनगर चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति ग्राम पहाड़पुर के पास मौजूद हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जन्डैल पुत्र सुखराम निवासी खन्नू नगला थाना जरीफनगर और बल्लू पुत्र नरेश निवासी परसेरा थाना बिसौली के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 15 हजार रुपये नकद, सोने का ओम, दो जोड़ी पायल, श्रृंगार का सामान, आधार कार्ड की छायाप्रति, दो तमंचे, दो कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों पर लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार साथियों की तलाश जारी है।शीर्षक: फैजगंज बेहटा पुलिस ने खोला लूटकांड का राज, दो बदमाश गिरफ्तार; नगदी, जेवर व अवैध हथियार बरामद
Budaun Amarprabhat