बदायूं। शहर के लालपुल श्मशान भूमि के निकट गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक रोडवेज बस ने आगे चल रही डबल डेकर बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि डबल डेकर बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के समय बस की पिछली सीट पर बैठी एक महिला बस की बॉडी के बीच फंस गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सूचना मिलने पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
महिला की स्थिति को देखते हुए सामान्य तरीके से निकालना संभव नहीं था। रेस्क्यू टीम ने गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से बस की खिड़की और बॉडी को काटकर महिला को बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा काफी भयावह था। बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। हालांकि राहत की बात यह रही कि महिला को केवल मामूली चोटें आईं और उसकी जान बच गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तस्वीरें देखकर हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। ऐसे भीषण हादसे में महिला का सुरक्षित बच निकलना किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है।शीर्षक: लालपुल के पास भीषण सड़क हादसा, रोडवेज बस ने डबल डेकर बस में मारी टक्कर; बॉडी में फंसी महिला को गैस कटर से निकाला
Budaun Amarprabhat