बरेली, 25 जून। ग्रीष्मकालीन अवकाश के उपरांत विद्यालय के प्रथम दिवस पर सरस्वती शिशु मंदिर, नैनीताल मार्ग, बरेली में विद्यालय पहुंचे भैया-बहनों का उत्साहपूर्ण एवं आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा प्रवेश द्वार पर आचार्य एवं दीदीजी द्वारा विद्यार्थियों का पुष्पवर्षा एवं फूल भेंट कर अभिनंदन किया गया।
लंबे अवकाश के बाद विद्यालय पहुंचे विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और प्रसन्नता स्पष्ट दिखाई दे रही थी। विद्यालय परिवार ने बच्चों का तिलक लगाकर एवं पुष्प अर्पित कर स्वागत किया, जिससे विद्यालय का वातावरण उत्सवमय बन गया। विद्यार्थियों ने अपने मित्रों एवं आचार्यों से मिलकर हर्ष व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव कुमार पाण्डेय ने सभी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें नवीन ऊर्जा एवं उत्साह के साथ अध्ययन कार्य में जुटने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि अवकाश के पश्चात विद्यालय का प्रथम दिन विद्यार्थियों के लिए नई उमंग और नई शुरुआत का अवसर होता है। विद्यालय परिवार का प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी को स्नेहपूर्ण एवं संस्कारयुक्त वातावरण प्राप्त हो।
शिशु शिक्षा समिति ब्रज प्रदेश के जिला मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों के अंदर उत्साह का सृजन होता है।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य जी एवं आचार्या दीदी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat