संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूँ: अमर प्रभात। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रणव कुमार पाठक ने बताया है कि हज कमेटी ऑफ़ इण्डिया ने हज-2027 की अधिकारिक घोषणा कर दी है, जिसके अनुसार इच्छुक हज आवेदक हज कर्मटी ऑफ़ इण्डिया मुम्बई की वेबसाइट hajcommittee.gov.in तथा एप्लीकेशन ’’हज सुविधा’’ पर उपलब्ध हज ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यह सुविधा 22 जून 2026 से 20 जुलाई 2026 तक उपलब्ध रहेगी। जुलाई 2026 के अन्तिम सप्ताह में कुर्रा (डिजिटल रैंडम चयन) प्रक्रिया के उपरान्त प्रत्येक प्रोवीज़नल चयनित हज यात्री को रू0 152300 की अग्रिम धनराशि 10 अगस्त 2026 तक जमा करनी होगी। हज के चयन उपरान्त सीट निरस्त कराने पर हज-2027 की गाइडलाइंस के नियमानुसार जमा धनराशि में कटौती की जाएगी। इसलिए इच्छुक हज यात्रियों को सलाह है कि आवेदन करने से पूर्व अपनी तैयारी व हज यात्रा करने की दृढ़ प्रतिबद्धता सुनिश्चित कर आवेदन करें। हज आवेदन पत्र भरने से पूर्व आवेदक हज-2027 के दिशा-निर्देशों (गाइडलाइन) को ध्यान से पढ़ लें। आवेदन हेतु मशीन पठित वैद्य अंतर्राष्ट्रीय पासपोर्ट होना आवश्यक है जो आवेदन की अन्तिम तिथि 20 जुलाई 2026 तक जारी किया गया हो तथा कम से कम 31 दिसम्बर 2027 तक वैद्य हो। हज-2027 हेतु सामान्य 40 दिवस की यात्रा के अतिरिक्त छोटी 20 दिवसीय हज यात्रा हेतु आवेदन करने का विकल्प रखा गया है जिसमें कम सीटें उपलब्ध हैं। ऐसा विकल्प चयनित करने वालों हेतु केवल 08 उड़ान स्थल निर्धारित हैं। सामान्य यात्रा हेतु निर्धारित शर्ते हज 2026 की भॉति ही रहेंगी। इच्छुक आवेदकों से अनुरोध है कि वह हज कर्मटी ऑफ़ इण्डिया मुम्बई की वेबसाइटhajcommittee.gov.in तथा उ0 प्र0 राज्य हज समिति की वेबसाइटhajcommittee.up.gov.in पर उपलब्ध हज-2027 की पॉलिसी, हज गाइडलाइंस को ध्यानपूर्वक पढ़ लें तथा अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें। ऑनलाइन आवेदन करते समय नवीन पासपोर्ट आकार का फ़ोटो, मशीन पठनीय अन्तर्राष्ट्रीय पासपोर्ट का प्रथम पृष्ठ व अन्तिम पृष्ठ,पते का प्रमाण पत्ऱ,बैंक पासबुक अथवा निरस्त चेक भी आवेदनकर्ता को अपलोड करना होगा। ऑनलाइन आवेदन उपरान्त आवेदन फ़ार्म का प्रिंटआउट डाउनलोड करना होगा एवं उसे सचिव/कार्यपालक अधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति मौलाना अली मियॉं मेमोरियल हज हाउस सरोजनीनगर, लखनऊ को उपलब्ध कराना होगा। हज-2027 ज़िला स्तर पर हज यात्रियों की सुविधा हेतु मदरसा शम्सुल उलूम घण्टाघर बदायॅूं को हज ई-सुविधा केन्द्र स्थापित कर मदरसे के प्रधानाचार्य मुहम्मद इरशाद आलम को नोडल अधिकारी नामित किया गया है ताकि हज यात्रियों को ऑनलाईन आवेदन-पत्र भरने में निःशुल्क सुविधा प्रदान की जा सके। ज़िला स्तर पर हैल्पलाइन मोबाइल नं0-मुहम्मद इरशाद आलम-9555584637, अफ्फ़ान हक़ क़ादरी-9897573400 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
—-
Budaun Amarprabhat