Breaking News

टीएमयू में गूंजा नशा मुक्त भारत का संदेश

Spread the love

मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी,मुरादाबाद के सभागार में नशा मुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत मादक द्रव्यों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नशा मुक्त भारत अभियान : विकसित भारत की पहचान थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग, मद्यनिषेध विभाग और तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी की संयुक्त भागीदारी रही। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवम् दीप प्रज्ज्वलन के संग हुआ। मद्यनिषेध विभाग की ओर से कार्यक्रम समन्वयक श्री मनोज कुमार ने स्टुडेंट्स, शिक्षकों एवम् एनसीसी कैडेट्स को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए कहा,नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी प्रयासों से नहीं बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही सफल हो सकती है।

कार्यक्रम में जादूगर मिस्टर इंडिया अजय दिवाकर ने अपने प्रेरणादायी और संदेशपरक मैजिक शो के माध्यम से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री अंकुर श्रीवास्तव ने कहा, नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है, इसलिए युवाओं को इसके प्रति जागरूक रहना चाहिए। जिला आबकारी अधिकारी श्री रविन्द्र प्रताप सिंह ने नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों एवम् सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी। जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा बाजपेयी ने समाज में नशा उन्मूलन के लिए विभिन्न विभागों और संस्थाओं के समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

ब्रह्मकुमारी संस्था की प्रतिनिधि आशा ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण में आध्यात्मिक मूल्यों और आत्मसंयम की भूमिका पर प्रकाश डाला। आर्ट ऑफ लिविंग, मुरादाबाद की प्रतिनिधि श्रीमती ऋतु नारंग ने युवाओं से सकारात्मक सोच, योग और ध्यान को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। प्रोग्राम में टीएमयू के स्टुडेंट्स वेलफेयर डीन प्रो.एमपी सिंह की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। नशा मुक्ति अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं नीतू सक्सेना, विनीता पांडेय और आयुषी त्यागी को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं विशिष्ट प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह के रूप में गीता भेंट की गई। अंत में सभी लोगों ने नशामुक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।


Spread the love

About Budaun Amarprabhat

Check Also

अघोषित बिजली कटौती के विरोध में ग्रामीणों का गुस्सा

Spread the loveबिल्सी के सिमर्रा गांव में शुक्रवार को अघोषित बिजली कटौती के विरोध में …

error: Content is protected !!