बदायूं। थाना अलापुर क्षेत्र से लापता हुई चार वर्षीय बच्ची को अलापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची के सुरक्षित मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली।
पुलिस के अनुसार, 25 जून की रात करीब नौ बजे थाना अलापुर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उनकी चार वर्षीय नातिन घर से कहीं चली गई है और काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और बच्ची की तलाश के लिए तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया।
प्रभारी निरीक्षक अलापुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरी रात लगातार तलाश अभियान चलाया। पुलिस के प्रयासों से शुक्रवार तड़के करीब चार बजे बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया।
बरामदगी के बाद बच्ची को महिला जिला चिकित्सालय, बदायूं भेजा गया, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। साथ ही उसके मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक काउंसलिंग भी कराई गई।
पुलिस ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट तथा अन्य आवश्यक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। मामले में विधिक प्रक्रिया प्रचलित है तथा विवेचना जारी है।
Budaun Amarprabhat